[ad_1]




अयोध्या,16 जनवरी (हि.स.)। सोमनाथ मंदिर गुजरात के ट्रस्ट का प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को अयोध्या पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल ने प्राण प्रतिष्ठा के लिए 8 पुण्य स्थानों से भरे हुए कलशों व 3.5 करोड़ राम नाम जप के ताम्र-पत्र तथा सोमगंगा जल को श्रीरामजन्म तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को सौंपा।
ट्रस्ट के सदस्य व सोमनाथ मंदिर के पीआरओ ध्रुव जोशी ने बताया कि सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। उन्होनें 30 अक्टूबर 2023 को राम नाम लिखने के अभियान की शुरूआत की थी। अभियान में 1.5 करोड़ राम नाम लेखन का लक्ष्य था। राम भक्तों ने लक्ष्य से अधिक 3.5 करोड़ नाम का लेखन किया। जिस विषय पर चांदी व स्वर्णाक्षरों से बनाया गया स्मृति चिह्न व ताम्र-पत्र मंगलवार को राम मंदिर ट्रस्ट को सौंपा गया है।
उन्होंने बताया कि सोमनाथ मंदिर में जलाभिषेक के बाद का जल का पावित्रीकरण का सौंपा गया है। आदित्य प्रभास, जल प्रभास, सूर्य कुण्ड, ब्रह्मकुण्ड, विष्णु कुण्ड, गौरी कुण्ड, रत्नाकर सहित त्रिवेणी संगम जो हिरण्य, कपिला तथा सरस्वती नदियों का जल कलशों में भरकर पूजन कार्य के लिए ट्रस्ट को दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतिनिधि मंडल में ट्रस्ट के ईओ दिलीप चावड़ा, पुजारी कुनाल भाई कपिड़या, जीतू पुरी गोस्वामी शामिल हैं। इस दौरान भाजपा मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह व विहिप मीडिया प्रभारी शरद शर्मा मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार /पवन पाण्डेय
/राजेश