[ad_1]

कासगंज, 04 मार्च (हि.स.)। अतरौली मार्ग स्थित हजारा नहर के पास सोमवार की सुबह नोएडा की रहने वाली एक युवती को उसके भाईयों ने गोली मारी दी। उसे मृत समझकर नहर में फेंककर फरार हो गए। किसी तरह युवती घायल अवस्था में थाना ढोलना पहुंचकर आपबीती बयां की। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के पृष्ठभूमि में युवती के प्रेम प्रसंग का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
नोएडा के सेक्टर 115 स्वारिका की रहने वाली अशोक कुमार की पुत्री रितिका को सोमवार सुबह हजारा नहर पर ले जाकर गोली मार दी। उसे मरा हुआ समझकर नहर में फेंककर भाग निकले। घायल युवती जैसे-तैसे नहर से बाहर निकली और क्षेत्रीय लोगों की मदद से थाना ढोलना पहुंची। पुलिस के समक्ष उसने अपनी साथ हुई घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसका उपचार जारी है।
युवती ने बताया कि दो दिन पहले वह फोन से अपने किसी पुरुष मित्र के साथ बातचीत कर रही थी। मामले की जानकारी परिजनों को हो गई। इसी को लेकर उसके साथ मारपीट की गई। वह अपनी ननिहाल दिल्ली चली गई। बीते रविवार रात ननिहाल से उसके दोनों भाई उसे लेकर लौट रहे थे। तभी हजारा नहर के पास घटना को अंजाम दिया।
सीओ अजीत सिंह चौहान का कहना है कि प्रेम प्रसंग का मामला प्रकाश में आया है। युवती के बयान के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। युवती की हालत खतरे से बाहर है।
हिन्दुस्थान समाचार/पुष्पेंद्र/दीपक/राजेश