[ad_1]

भरतपुर, 12 जनवरी (हि.स.)। उद्योग नगर थाना इलाके के पंजाब नेशनल बैंक में तीन बदमाशों ने शुक्रवार को लूट की वारदात को अंजाम दिया। दो बदमाश बैंक के अंदर घुसे और हवाई फायर कर कैशियर से 23 हजार पांच सौ रुपये लेकर फरार हो गए।
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि दोपहर पौने तीन बजे तीन युवक बाइक से आए। इसमें से एक युवक बैंक के बाहर खड़ा रहा। बैंक के अंदर घुसने वाले दो युवकों में से एक ने मफलर बांध रखा था और दूसरे ने हेलमेट लगाया हुआ था। दोनों बैंक के अंदर बहाने से करीब सात मिनट तक बैठे रहे। कुछ देर बाद दोनों बदमाश सीधे कैश काउंटर पर पहुंच गए। कैशियर महिला कर्मचारी ने मुंह पर कपड़ा बांधे बदमाशों को टोका। बैंककर्मी महिला ने कहा कि अपने मुंह से कपड़ा हटाओ। बदमाशों ने मुंह से कपड़ा हटाने से मना कर दिया। तब महिला कर्मचारी ने कहा कि तुम लोगों ने शराब पी रखी है क्या, मुंह से कपड़ा हटाने को कहा गया है। इतने में एक बदमाश ने देसी कट्टा निकाला और छत की तरफ हवाई फायर कर दिया। इससे बैंक में अफरा-तफरी मच गई। दूसरा बदमाश कैश काउंटर पर चढ़ा और वहां रखे 23 हजार 500 रुपये उठा लिए। इसके बाद दोनों बदमाश बैंक से बाहर भागे। पहले से तैयार साथी के साथ तीनों बाइक से भाग गए। वारदात इतनी जल्दी हुई कि बैंक में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक भी नहीं समझ पाए कि अचानक क्या हुआ। स्टाफ समेत बैंक में उस वक्त 10 से 12 लोग ही थे।
एसपी ने बताया कि हवाई फायर बैंक की छत में लगा है। कैशियर के पास करीब 23 हजार 500 रुपए थे, बदमाश वही रकम लूटकर फरार हो गए। आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गईं हैं। कुछ सुराग हमें मिले हैं। उसके आधार पर पुलिस आगे का काम कर रही है।
रीको औद्योगिक क्षेत्र में पीएनबी बैंक में लूट व फायरिंग की घटना को लेकर पूर्व मंत्री एवं भरतपुर विधायक डॉ. सुभाष गर्ग ने कहा कि सरकार का अपराधियों पर कोई नियंत्रण नहीं है। भाजपा सरकार सिर्फ बयानबाजी करती है। जिले में ही नहीं बल्कि प्रदेश में आए दिन लूट, फायरिंग, रेप, हत्या जैसी घटनाएं हो रही हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम इसी क्षेत्र के होने के बावजूद आपराधिक घटनाओं पर लगाम नहीं लग रही है। अपराधियों को पुलिस व कानून का कोई भय नहीं है। भीलवाड़ा समेत राज्य के अन्य क्षेत्रों में बलात्कार, महिला अत्याचार, लूट, डकैती, हत्याएं हो रही हैं। यदि जल्द अपराध पर लगाम नहीं लगी तो जनता सड़कों पर आकर विरोध करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप
[ad_2]