[ad_1]

कोलकाता, 28 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में एक बार फिर बड़ी मात्रा में सांप का जहर पकड़ा गया है। उत्तर बंगाल में तस्करी करके लाए गए चार किलोग्राम सांप के जहर को जब्त किया गया। इसकी कीमत पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। पश्चिम बंगाल वन विभाग और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई के बाद इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए सांप के जहर की कीमत बाजार में पांच करोड़ रुपये के आसपास है। जहर को दो विशेष रूप से डिजाइन किए गए क्रिस्टल जार में रखा गया था, जो फ्रांस में बनाए गए थे। सांप के जहर की तस्करी करने के आरोप में मोहम्मद शाहनवाज (27), मोहम्मद अजमल (28) और मोहम्मद ताहिद आलम (39) की गिरफ्तारी हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि चीन के रास्ते नेपाल में सांप के जहर की तस्करी की जानी थी। वन विभाग ने इस बात की आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि सिलीगुड़ी और उसके निकटवर्ती क्षेत्र तेजी से सांपों के जहर की तस्करी के लिए केंद्र बिंदु के रूप में उभरकर सामने आ रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा