[ad_1]

बांदा, 12 फरवरी (हि.स.)। देहात कोतवाली क्षेत्र में अपने दोस्तों के साथ एक गांव में पार्टी करने गए युवक का शव सोमवार को तालाब में उतराता मिला है। शव देखकर ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
देहात कोतवाली अंतर्गत लामा गांव में स्थित एक तालाब में सोमवार सवेरे ग्रामीणों ने एक शव देखा। शव के बारे में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पहचान कराने की कोशिश की। कई घंटे बाद मृतक की पहचान हो सकी। इस बारे में थाना प्रभारी में बताया कि मृतक विनीत उर्फ मन्नू (24) शहर कोतवाली अंतर्गत कालू कुआं मोहल्ले का रहने वाला था। वह दो दिन पहले अपने कुछ दोस्तों के साथ लामा गांव में पार्टी में शामिल होने गया था। जिन दोस्तों के साथ मृतक युवक गया था उनमें से एक युवक की इस गांव में ननिहाल है। उनके घर के बगल में ही तालाब है, जहां से आज विनीत उर्फ मुन्नू का शव बरामद हुआ है। मौत तालाब में डूबने से हुई है या कोई और कारण है, इस बारे में पता लगाया जा रहा है।
घटनास्थल पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि लामा गांव में एक व्यक्ति का शव मिला है। शव को देखने के बाद शरीर में कहीं गंभीर चोट के निशान नहीं पाए गए। प्रथम दृष्टया युवक की तालाब में डूबने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति साफ हो जाएगी कि मौत कैसे हुई।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/मोहित