[ad_1]

मार्केट प्रधान गुलशन इशपुनियानी बोले भाजपा सरकार में व्यापारी सहमा हुआ है, गुंडागर्दी सहन नहीं करेंगे व्यापारी, जबाव दे प्रदेश सरकार
रोहतक, 9 फ़रवरी (हि.स.)। सांपला में सीताराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग करने और एक करोड़ की रंगदारी मांगने वालों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारी वर्ग में गुस्सा है। शुक्रवार को शोरी क्लॉथ मार्केट के दुकानदारों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। मार्केट के प्रधान गुलशन इशपुनियानी ने कहा कि रंगदारी मांगने वालों की गिरफ्तारी की जाए। गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापारी वर्ग अपना विरोध तेज करेगा। भाजपा सरकार में जंगलराज है और व्यापारी दहशत में हैं।
सांपला में सरेआम हलवाई की दुकान पर गोलियां बरसाई गई और एक पर्ची फेंककर रंगदारी मांगी गई। इस घटना को 3 दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक बदमाश पकड़े नहीं गए। गुलशन इशपुनियानी ने कहा कि भाजपा सरकार की नकारापन के कारण बदमाश अभी तक खुले घूम रहे हैं। भाजपा नेता सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं और बदमाश गिरफ्त से बाहर हैं। बदमाश नहीं पकड़े जाने से सीताराम हलवाई का परिवार खौफ में है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में कानून व्यवस्था खत्म हो गई है और बदमाश बेलगाम हो रहे हैं। सरकार व्यापारियों को सुरक्षा दे नहीं तो इसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जजपा सरकार नाकारा साबित हुई है और हरियाणा में बिहार जैसा माहौल बन गया है। हर दिन व्यापारियों से रंगदारी मांगी जा रही है। अपहरण, दुष्कर्म और हत्या ही रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में जब भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री थे तब व्यापारी बेखौफ थे। बदमाश हरियाणा छोडक़र भाग गए थे। लेकिन अब इसके उलट हो रहा है। बदमाश बेखौफ हैं और व्यापारी अपना काम धंधा छोडऩे को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग अब बदमाशी और भाजपा सरकार के नकारापन को सहन नहीं करेगा। व्यापारी उसका जवाब चुनाव में देंगे। इस अवसर पर संजय परूथी, राजकुमार इंसा, सुनील मलिक, यशपाल अरोड़ा, सुरेश सिंगल, ओम प्रकाश गर्ग, वीरेंद्र गोयल, पंकज मिगलानी, गौरव जैन, हरीश ईशपुनयानी, ईश्वर आहूजा, कमल परूथी, मुकन्द लाल, सतीश गर्ग, डी पी सिंधवानी, विनीत जैन, सोमनाथ सचदेवा, हरीश अरोड़ा आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/संजीव