[ad_1]

– पांच जिलों में महिलाओं के लिए शुरू होगा साझा बाजार
चंडीगढ़, 23 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को पेश किए गए बजट में आगामी वित्त वर्ष के दौरान दो लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा आजीविका मिशन के तहत 58 हजार 797 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है, जिनमें छह लाख चार हजार महिलाओं को शामिल किया गया है। दो लाख महिलाओं को उच्च आय स्तर पर लाकर उन्हें लखपति दीदी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि करनाल में ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र का संचालन किया जा रहा है। आगामी वर्ष के दौरान पांच सौ महिला स्वयं सहायता समूहों की पांच हजार महिलाओं को ड्रोन प्रशिक्षण देकर प्रत्येक समूह को एक-एक ड्रोन दिया जाएगा। वह इसे कृषि कल्याण कार्यों के लिए किसानों पर किराए पर दे सकती हैं। इस योजना का ब्यौरा बहुत जल्द जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए सांझा बाजार योजना का ऐलान करते हुए कहा कि महिला स्वयं सहायता के उत्पादों की बिक्री के लिए इन बाजारों की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिला समूहों को दुकानें व पोर्टा कैबिन मुहैया करवाए जाएंगे। इसके लिए करनाल, यमुनानगर, पंचकूला, फतेहाबाद और गुरुग्राम में साझा बाजारों की स्थापना का काम शुरू हो गया है। प्रदेश में लड़कियों के लिए आपकी बेटी-हमारी बेटी योजना का ऐलान करते हुए सीएम ने कहा कि इसे परिवार पहचान पत्र के साथ जोड़ा जाएगा। इससे लाभार्थी को ऑटोमेटिक मोड पर लाभ मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/दधिबल