[ad_1]

-आरोपित है अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य : एसएसपी
-विभिन्न राज्यों के मंदिरों व गुरुद्वारों में भी कर चुके हैं चोरी
नई टिहरी, 10 मार्च (हि.स.)। थाना मुनि की रेती के तहत ग्राम भांगला के सांई मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने चार दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में अंर्तराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों से 17 किलो की चांदी सहित कुल 12.75 लाख रुपये माल की बरामदगी की है।
एसएसपी की ओर चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को ढाई हजार और आईजी स्तर से 5 हजार का नकद इनाम घोषित किया गया है। चोरी के सरगना कुलवंत पर गुंडा एक्ट सहित यूपी, हरियाणा व उतराखंड में विभिन्न चोरी के मामलों में पहले ही 17 मुकदमे दर्ज हैं।
रविवार को पुलिस मुख्यालय नई टिहरी में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बीती 6 मार्च को ग्राम भांगला निवासी मदन लाल गैरोला ने गांव के सांई मंदिर में चांदी के आभूषणों के चोरी होने की सूचना दी। इस पर मुकदमा पंजीकृत किया गया।
फुटेज के आधार पर तीन संदिग्ध 5 मार्च को भांगला मंदिर पर मोटर बाइक से जाते हुए पाये गये। सीसीटीवी पर ऋषिकेश गुरुद्वारा में इनकी उपस्थिति पाई गई। इसमें संदिग्ध व्यक्ति कुलवंत सिंह प्रकाश में आया, जो विभिन्न चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला हिस्ट्रीशीटर था।
पुलिस ने बीती 9 मार्च को मुखबिर की सूचना पर साई मंदिर भांगला में चोरी करने वाले शातिर आरोपी कुलवन्त सिहं (40) पुत्र बलवन्त सिंह निवासी ग्राम फतेहगंज थाना गदरपुर जिला उधमसिहं नगर हाल निवासी चंद्र विहार थाना निहाल विहार दिल्ली, अवतार सिहं (47) पुत्र सरजीत सिहं निवासी 205 निहाल विहार थाना ख्याला दिल्ली व त्रिलोक सिंह उर्फ शोले (31) पुत्र तीरथ सिंह निवासी लतीपुर थाना हस्तिनापुर जिला मेरठ उत्तर प्रदेश हाल निवासी मकान नंबर 7 टी ब्लॉक निहाल विहार थाना निहाल विहार दिल्ली को बिजलीघर गूलर के पास से चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया गया।
आरोपितों से एक छत्र चांदी का कीमती करीब 75 हजार रूपये, करीब 17 किलो चांदी का सिंहासन व एक हीरा होंडा बाइक सहित कुल 12.75 लाख का माल बरामद किया गया है। आरोपियों को पकड़ने में पुलिस टीम में मुनिकीरेती थानाध्यक्ष रितेश शाह, सीआईयू के प्रभारी निरीक्षक ओमकांत भूषण, विकास सैनी, रविंद्र, नजाकत, एसएसआई योगेंद्र चंद्र पांडे, एसआई मनोज ममगाई, एसआई राजेंद्र सिंह रावत, एसआई प्रदीप रावत, सोहन राणा, अजयवीर, मनीष चौधरी व पंकज शामिल रहे।
आरोपितों पर विभिन्न राज्यों में मुकदमे दर्ज-
आरोपित कुलवंत पर विभिन्न राज्यों में 17, अवतार पर थाना डोईवाला में एक और आरोपी त्रिलोक पर बहादूरगढ़ हरियाणा में एक मुकदमा पूर्व से ही दर्ज है। पुलिस आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
आरोपितों का अपराध करने का तरीका-
एसएसपी भुल्लर ने बताया कि यह आरोपित संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हैं। गैंग लीडर कुलवंत व उसके सक्रिय सदस्य अवतार, त्रिलोक गुगल और यूट्यूब की मदद से विभिन्न राज्यों में स्थित मंदिरों-गुरुद्वारों व यहां के आभूषणों की जानकारी एकत्र करने के बाद स्थानीय स्तर पर रेकी करते हैं। चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले अपने मोबाइल नंबरों को काफी पहले से बंद कर देते हैं। चोरी किए माले को अलग-अलग जगहों पर रखने के बाद थोड़ा-थोड़ा कर बेच कर ठिकाने लगाने का काम करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल//रामानुज