[ad_1]

सिरसा,19 जनवरी (हि.स.)। गांव दादू में खंभे पर चढ़कर बिजली लाइन पर काम रहे एक अनुबंधित बिजली कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता का बयान दर्ज करके आरोपी ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार गांव मुसाहिब वाला निवासी 22 वर्षीय दलवीर सिंह गांव खैरेकां के ठेकेदार प्रेम कुमार के पास काम करता था। प्रेम कुमार के पास बिजली निगम का ठेका है। गुरुवार शाम को दलवीर सिंह गांव दादू में अपने साथियों के साथ काम करने गया था। वह बिजली के खंभे पर चढ़ा तो बिजली सप्लाई चालू हालत में मिली। उसने ठेकेदार प्रेम कुमार से बिजली सप्लाई बंद कराने के लिए कहा, लेकिन ठेकेदार ने पीछे से बिजली सप्लाई बंद नहीं कराई। ठेकेदार ने दलवीर से कहा कि तुम काम करो, बिजली सप्लाई बंद करवा दी गई है। इसके बाद जैसे ही दलवीर काम करने लगा तो उसे जोरदार करंट लगा। इससे वह नीचे गिर गया। दलवीर को उसके साथियों ने कालांवाली सरकारी हॉस्पिटल में पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने उसकी जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद साथियों ने इसकी सूचना दलवीर के पिता काका सिंह और पुलिस को दी। काका सिंह हॉस्पिटल पहुंचा तो दलवीर के साथियों ने उसे सारी बात बताई। पुलिस ने काका सिंह का बयान दर्ज करके आरोपी ठेकेदार प्रेम कुमार के खिलाफ खिलाफ केस दर्ज कर लिया। कालांवाली थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/संजीव