[ad_1]

जींद, 21 मार्च (हि.स.)। दाता सिंह वाला-खनौरी बार्डर पर 21 फरवरी को किसानों के दिल्ली कूच करते समय जान गंवाने वाले किसान शुभकरण की अस्थियां गुरुवार को खटकड़ टोल पर रखी गई और किसानों द्वारा यहां धरना दिया गया।
शुक्रवार को शुभकरण की अस्थियों को नारनौंद के माजरा प्याऊ में ले जाया गया जाएगा और वहां पर महांपचायत होगी। इसमें किसान शुभकरण को न्याय दिलवाने की मांग की जाएगी। खटकड़ टोल कमेटी के सदस्य हरिकेश काब्रच्छा, कैप्टन भूपेंद्र सिंह, वेदप्रकाश बरसोला, फूल बरसोला समेत दूसरे किसानों ने बताया कि 15 मार्च को शुभकरण के गांव से अस्थियों के साथ यात्रा शुरू हुई थी। विभिन्न रास्तों से होकर बुधवार शाम को अस्थियां खटकड़ टोल पर पहुंची।
गुरुवार को अस्थियां खटकड़ टोल पर रखी गई और किसानों द्वारा धरना दिया गया। किसानों ने बताया कि फरवरी माह में किसान दिल्ली जाने के लिए निकले थे तो प्रशासन ने उन्हें दातासिंहवाला खनौरी बार्डर पर रोक लिया था। इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले के साथ साथ प्लास्टिक की गोलियां चलाई गई। प्रशासन और किसानों के बीच झड़प में किसान शुभकरण के सिर में गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। किसान शुभकरण को न्याय दिलाने के लिए उनकी अस्थियों के साथ यह यात्रा निकाली जा रही है। शुक्रवार को प्याऊ माजरा में अस्थियां पहुंचेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र