[ad_1]

हिसार, 22 फरवरी (हि.स.)। जिले के हांसी उपमंडल के गांव बड़सी में लड़की के ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा मायका पक्ष के लोगों पर हमला कर, उन्हें घायल किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। सभी घायलों को उपचार के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मायका पक्ष के घायलों का आरोप है कि सुसराल पक्ष के लोग दहेज के लिए लड़की को परेशान करते थे और दो महीने से लड़की अपने मायके गांव बड़सी में ही रह रही थी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बड़सी निवासी जगजीत ने बताया की उन्होंने अपनी बहन मनीषा की शादी डेढ़ साल पहले राजस्थान के गांव ढीहारला गांव निवासी मुंशीराम से की थी। शादी के छह महीने बाद ही मनीषा को उसके ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करने लगे और दहेज की मांग पर मनीषा के साथ मारपीट करने लगे। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत हुई, लेकिन पंचायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं निकला और उसकी बहन पिछले दो महीने से अपने मायके गांव बड़सी में ही रह रही हैं। उसका पांच महीने का एक बेटा है। जगजीत ने बताया कि उसकी बहन की सुसराल पक्ष के लोग पंचायत लेकर हमारे घर पर आए थे और उनके साथ पंचायत में कुछ हथियारबंद लड़के भी थे। जगजीत ने आरोप लगाया कि पंचायत में आए लड़कों ने हमारे घर की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व बदसलूकी की। जब उन्हें ऐसा करने से रोका गया तो, उन्होंने मेरे भाई व उसकी पत्नी तथा मनीषा पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। उसकी बहन मनीषा और उसके भाई के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए हांसी नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/सुमन