[ad_1]

देहरादून, 22 फरवरी (हि.स.)। कूट रचित दस्तावेज तैयार कर जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करने वाले आरोपित को एसआईटी टीम ने गुरुवार को गिरफ्तार किया। आरोपित व उसके साथियों के विरुद्ध थाना पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कर एसआईटी जांच में जुटी हुई है।
इस प्रकरण में पुलिस टीम ने पूर्व में दो आरोपित समीर कामयाब व रवि कोहली को गिरफ्तार किया था। जमीन की फर्जी रजिस्ट्री अपने नाम पर करने व जमीन को फर्जी तरीके से अपने सह अभियुक्त के नाम पर गिफ्ट डीड करने वाले आरोपित सुखविंदर सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी नानकमत्ता ऊधमसिंह नगर को पुलिस टीम ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
10 बीघा जमीन का फर्जी बैनामा, धोखाधड़ी
दरअसल, शीतल मंड पुत्री स्व. साधु सिंह निवासी रामनिवास माजरा देहरादून ने थाना पटेलनगर में भूमि धोखाधड़ी से संबंधित तहरीर दी है। आरोप है कि केपी सिंह द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर माजरा स्थित उनकी 10 बीघा जमीन की फर्जी पावर आफ अटार्नी बनाकर धोखाधड़ी की है और उसकी रजिस्ट्री सुखविंदर सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी नानकमत्ता के नाम पर कर दी है। यही नहीं, सुखविंदर सिंह ने उक्त भूमि को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर केपी सिंह के पिता बलवीर सिंह की कंपनी को गिफ्ट डीड कर दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर एसआईटी टीम जांच कर रही है।
फर्जी पावर ऑफ अटार्नी तैयार जमीन हड़पने की कोशिश, लालच में फंसा सुखविंदर
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित सुखविंदर ने बताया कि केपी सिंह व उसके पिता बलवीर सिंह से उसकी मुलाकात वर्ष 2010 में एक विवाह समारोह के दौरान केपी सिंह के चाचा सेठपाल चौधरी के माध्यम से हुई थी, जो सिडकुल ऊधम सिंह नगर में मिट्टी भरान का ठेके लेता था। वर्ष 2014 में केपी सिंह ने संपर्क कर बताया कि उसने देहरादून में माजरा स्थित एक जमीन की हरभजन सिंह उर्फ भजन सिंह के नाम से फर्जी पावर ऑफ अटार्नी तैयार की है, जिसकी रजिस्ट्री वह उसके (आरोपित सुखविंदर) नाम पर करवा देगा और उसे बेचने से जो मुनाफा होगा, उसमें से कुछ हिस्सा देगा। उसके बाद केपी सिंह ने सुखविंदर के खाते में डेढ़ लाख रुपये डाली।
पहले कराई रजिस्ट्री, फिर गिफ्ट डीड के जरिए ले ली वापस
वर्ष 2016 में केपी सिंह ने अपने एक अन्य साथी के साथ उसे कमल विरमानी तथा एक अन्य व्यक्ति से मिलवाया। जिनके द्वारा रजिस्ट्रार आफिस में जाकर पहले उक्त भूमि की रजिस्ट्री सुखविंदर के नाम की गई। वर्ष 2020 में सुखविंदर ने उक्त भूमि को गिफ्ट डीड द्वारा केपी सिंह के पिता बलवीर सिंह की कंपनी बीकेएन के नाम पर कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/प्रभात