[ad_1]

हमीरपुर, 17 जनवरी (हि.स.)। मंगलवार को अयोध्या से लौटे भवन निर्माण ठेकेदार ने गृह कलह के चलते छत के ऊपर बने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता बुधवार को चल सका। मृतक के चाचा, मां ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है।
फतेहपुर जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसेठा निवासी अतुल उर्फ सोनू प्रजापति(32) सुमेरपुर कस्बे के बांकी मार्ग वार्ड संख्या 18 में मकान बनाकर पिछले एक वर्ष से पत्नी के साथ रहता था। वर्तमान में यह अयोध्या में मकान निर्माण की ठेकेदारी कर रहा था। मंगलवार को यह अयोध्या से लौटकर आया था। रात में पत्नी पार्वती से झगड़कर यह सो गया था। पत्नी के सोने के बाद यह चुपचाप उठा और छत के ऊपर बने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता सुबह पत्नी की आंख खुलने पर चल सका। पत्नी पार्वती ने घटना की सूचना ससुरालीजनों के साथ अपने मायके बांकी में दी।
घटना की सूचना पाकर मृतक की मां गौरा देवी, चाचा रामकिशोर अन्य परिजनों के साथ मौके पर आए और पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर कस्बा इंचार्ज प्रेमचंद्र मौर्या मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद शव को फांसी से उतारकर मोर्चरी पहुंचाया। मृतक की मां गौरा देवी, चाचा रामकिशोर सहित अन्य परिजनों ने हत्या कर शव फांसी पर लटका देने का आरोप लगाया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के चाचा का आरोप है की बहू का चालचलन ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि भतीजे का विवाह 18 फरवरी 2018 में बांकी गांव में हुआ था। शादी के बाद कुछ ही दिन में पत्नी से अलगाव हो गया था और मामला अदालत तक पहुंच गया था। इसके बाद सुलह होने पर फिर दोनों एक हो गए थे। उन्होंने बहू पर भतीजे की हत्या करने का संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कही है।
सुमेरपुर थानाध्यक्ष राम आसरे सरोज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। अभी किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद जांच पड़ताल करके कार्यवाही की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/राजेश