[ad_1]

हरियाणा राज्य की 44 पंचायतों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश
75 फीसदी खर्च करने वाली पंचायतों को मिलेगा 25 फीसदी अतिरिक्त अनुदान
चंडीगढ़, 1 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने गांवों के विकास के लिए जारी किया गया धन खर्च न करने वाली पंचायतों के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला किया है। विकास एवं पंचायत विभाग ने बार-बार पत्र जारी करने पर भी विकास की राशि खर्च नहीं करने वाली करीब चार दर्जन पंचायतों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली के अनुसार सरकार के पैसे का सही इस्तेमाल करने वाली पंचायतों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने तय किया है कि 75 फंड खर्च करने वाली पंचायतों को सरकार अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देगी। ऐसी पंचायतों को 25 प्रतिशत अतिरिक्त फंड दिया जाएगा। इसके साथ ही यह भी तय किया है कि जो पंचायतें फंड खर्च करने में विफल रहती हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हरियाणा में 44 पंचायतें ऐसी हैं, जिन्होंने सरकार से दी गई ग्रांट को ख़र्च ही नहीं किया है। इन पंचायतों के खिलाफ सरकार की ओर से संबंधित जिला उपायुक्तों को कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। देवेंद्र बबली के अनुसार सरकार अपनी तरफ से पंचायतों के विकास को लेकर कोई कमी नहीं छोड़ रही है। इसके बाद भी पंचायतें गांव के विकास पर ध्यान नहीं दे रही हैं। हरियाणा में जो पंचायतें फंड खर्च करने में कंजूसी कर रही हैं, उनसे सरकार स्पष्टीकरण मांगेगी। यदि पंचायतों ने जानबूझकर फंड खर्च नहीं किया है तो उनके खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील