[ad_1]

भाजपा प्रभारी बोले, सरकार ने गरीब, पिछड़े व कमजोर को दिए उनके अधिकार
पूर्ण रूप से गरीबों को समर्पित मोदी सरकार, जात-पात से ऊपर उठकर करवाए गए विकास कार्य
रोहतक, 11 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा भाजपा के प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से देश की जनता का सेंकड़ों वर्ष पूर्व राम मंदिर बनने का सपना 22 जनवरी को साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने राम मंदिर कार्यक्रम का निमंत्रण ठुकराकर देश के सामने अपनी विचारधारा को उजागर कर दिया है। इसका खामियाजा कांग्रेस को आगामी चुनाव में भुगतना पड़ेगा। साथ ही वे गुरुवार को भाजपा प्रभारी बिप्लब देब विकसित भारत संकल्प यात्रा के गांव चमारिया में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
बिप्लब कुमार देब ने कहा है कि मोदी सरकार ने समाज के गरीब, पिछड़े व कमजोर वर्ग के लोगों को उनके अधिकार दिलाने का काम किया है। मौजूदा सरकार पूर्ण रूप से गरीबों को समर्पित सरकार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, पिछड़े व कमजोर वर्ग के लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए जनकल्याणकारी नीतियों को गांव व वार्ड स्तर पर पात्र लोगों के घर द्वार तक पहुंचा दिया है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति व परिवार सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित न रह सके। बिप्लब कुमार देब ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें राजनीति में हिस्सा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया है। केंद्र सरकार की योजना के तहत महिलाओं को प्रशिक्षण देकर ड्रोन दीदी बनाया जा रहा है।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर की सराहना
हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर की प्रशंसा करते हुए त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने कहा कि मनीष कुमार ग्रोवर के प्रयासों से ही रोहतक में एलिवेटेड रोड व एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण हुआ है और यही वजह है कि वह रोहतक से गांव चमारिया चंद मिनट में पहुंच गए। बिप्लब कुमार देब ने अन्य नेताओं के साथ जनता के बीच बैठकर देश व प्रदेश की प्रगति को दर्शाती हुई फिल्म को भी देखा।
सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि रोहतक अब सीधा रेलवे लाइन के माध्यम से अयोध्या से जुड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम होगा। रोहतक के लोग ट्रेन के माध्यम से अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे। हरियाणा भाजपा के उपाध्यक्ष सतीश नांदल ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र व राज्य सरकार सबका काम-सबका मान-सम्मान को लेकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से प्रशासनिक मशीनरी का सदुपयोग किया जा रहा है। जहां-जहां यात्रा पहुंचती है वहां पर 18 विभिन्न विभागों की स्टॉल लगाई जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/संजीव
[ad_2]