[ad_1]

हमीरपुर, 08 मार्च (हि.स.)। जलालपुर थाने के हरसुंडी गांव के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार दो बाइकों के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें सरीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से उरई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
जालौन जनपद के बरदौली गांव का निवासी कुंवर सिंह अपनी पत्नी चंद्रवती व छह वर्षीय पुत्र राजाबाबू व डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची गुड़िया के साथ बाइक से जलालपुर थाना अंतर्गत रिरुआ गांव साले के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस गांव जा रहा था। तभी रास्ते में हरसुंडी गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में बाइक सवार कुंवर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई व उसकी पत्नी चंद्रवती पुत्र राजाबाबू व डेढ़ वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए तो वहीं दूसरी बाइक पर सवार हरसुंडी गांव के निवासी राकेश पुत्र ईश्वरदास व पुष्पेंद्र पुत्र मदन गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सरीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से उरई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। मामले में जलालपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/राजेश