[ad_1]

श्योपुर, 14 फरवरी (हि.स.)। अपने साथियों के साथ बुधवार को नहाने के लिए गया एक युवक चंबल नहर में डूब गया। बचाव दल के साथ पुलिस युवक की चंबल नहर में खोजबीन कर रही है, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई अता-पता नहीं चल सका है।
कोतवाली नगर निरीक्षक योगेन्द्र सिंह जादौन ने बताया कि राजस्थान के कोटा निवासी पूरण गुर्जर अपने कुछ साथियों के साथ श्योपुर स्थित राधिका विलास पैलेस में आयोजित एक विवाह समारोह में आया था। बुधवार को दोपहर में पूरण गुर्जर अपने चार-पांच साथियों के साथ नहाने के लिए चंबल नहर में पहुंच गया। मीणा छात्रावास के नजदीक जब वह चंबल नहर में नहा रहा था तभी उसका पैर फिसल गया और वह नहर में डूब गया। उसके साथियों ने अपने स्तर से उसे तलाशा लेकिन वह नहीं मिला। इस मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीईआरएफ की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलवा लिया। काफी दूर तक चंबल नहर में युवक की तलाश की गई लेकिन फिलहाल उसका कोई अता-पता नहीं चला है।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश