[ad_1]

सिरसा, 27 जनवरी (हि.स.)। लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने गांव मोडी गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। हमलावरों आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा कर भगा दिया। शनिवार को सदर थाना डबवाली पुलिस ने एएसआई दलबीर सिंह की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल डबवाली में तैनात एएसआई दलबीर सिंह ने सितंबर 2023 को हुई एक लूट के मामले में आरोपी तिपंद्र कुमार निवासी गांव गोरीवाला को 25 जनवरी 2024 को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने वारदात में शामिल अपने साथी संगत राम निवासी मोडी का नाम लिया। इसके बाद एएसआई दलबीर के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी संगत राम को गिरफ्तार करने गांव मोडी पहुंची। पुलिस ने संगत राम को हिरासत में ले लिया। इतने में ही संगत राम को छुड़ाने के लिए उसके रिश्तेदारों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
एएसआई व हवलदार से हाथापाई
हमलावरों ने एएसआई दलबीर सिंह व हवलदार रमेश कुमार के हाथापाई की और थप्पड़-मुक्के मारे। एएसआई दलबीर का कहना है कि हमलावरों ने पुलिस की गिरफ्त से संगत राम को छुड़ा कर उसे भगा दिया और पुलिस वालों को जान से मारने की धमकी दी। सदर थाना डबवाली पुलिस का कहना है कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/संजीव