[ad_1]

वाराणसी,06 फरवरी (हि.स.)। कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरियां स्थित वरूणा नदी के किनारे मंगलवार को 18 वर्षीय युवती का शव मिला। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से निकलवाया और शिनाख्त की कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई गई कि युवती की हत्या के बाद शव को नदी में फेंक दिया गया।
लोहता थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव की निवासिनी कविता नाम की युवती की सोमवार रात्रि में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। युवती के भाई ने परिजनों के साथ मिलकर पुलिस को सूचना दिए बगैर फुलवरिया स्थित वरूणा नदी में बहन के शव को फेंक दिया। इसके बाद सभी घर लौट आए। गांव के ही व्यक्ति ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। लोहता पुलिस युवती के घर पहुंची और उसके भाई को हिरासत में लेकर परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि गांव के ही एक लड़के से कविता प्रेम करती थी । परिजनों के डांटने और युवक से मिलने पर रोक से नाराज होकर कविता ने अपने कमरे में दुपट्टे से फांसी लगा ली। हमलोगों ने लोक लाज के डर से उसके शव को रात्रि 11 बजे टोटो से ले जाकर नदी में फेंक दिया। थाने में एसीपी रोहनिया ने भी दीपक से पूछताछ किया। लोहता पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल पाएगा कि लड़की ने फांसी लगाई है या उसकी हत्या की गई है। वहीं,गांव में ऑनर किलिंग की चर्चा रही।
हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/सियाराम