[ad_1]

पूर्वी चंपारण,15 मार्च(हि.स.) । जिला पुलिस एवं एसटीएफ की टीम ने चकिया डीएसपी सत्येन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में कारवाई करते हुए जिला के टॉप टेन व 25 हजार के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी मुजफ्फरपुर जिला के साहेबगंज थाना क्षेत्र के माधोपुर हजारी गांव का चंदेश्वर राय उर्फ़ चंदेश्वर कुमार उर्फ़ धर्मेन्द्र कुमार पिता जगरनाथ राय है।
चकिया डीएसपी सत्येंद्र कुमार सिंह ने एक प्रेसवार्ता के दौरान आज बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त अपराधी जो बीते वर्ष 12 अप्रेैल को केसरिया के हमीदपुर स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय के लुटकांड में शामिल था। वह अपने गांव में है, जिसके बाद एसपी कांतेश कुमार के निर्देश पर एसटीएफ के सहयोग से छापामारी कर उक्त अपराधी को उसके घर से ही गिरफ्तार किया गया।
डीएसपी ने बताया कि फ्लिपकार्ट कार्यालय में लूट के दौरान अपराधियों ने दो लाख 41 हजार नगद, पैनकार्ड व मोबाईल लूट की घटना को अंजाम देकर भागते समय एक राहगीर का बाइक भी छीन कर फरार हो गये थे। उन्होंने बताया कि उक्त अपराधी टॉप टेन अपराधियों के श्रेणी में है व पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम भी रखा हुआ है।
गिरफ्तार उक्त अपराधी पर मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना में आर्म्स एक्ट व पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना में आर्म्स एक्ट, लूट कांड सहित अन्य अपराध के मामले दर्ज है। जिसमें वह फरार चल रहा था। पुलिस उक्त अपराधी को न्यायिक हिरासत में मोतिहारी भेज दिया गया। छापामारी टीम में डीएसपी सत्येंद्र कुमार सिंह के अलावे केसरिया थानाध्यक्ष सह पु नि उदय कुमार, परि.पुअनि ओम पाल, एसटीएफ बल सहित सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार/आनंद प्रकाश/चंदा