[ad_1]

जयपुर, 19 मार्च (हि.स.)। पुलिस मुख्यालय की स्पेशल टीम क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी क्राइम ब्रांच) टीम ने सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर लोगों से ठगी करने के मामले में आठ साल से फरार वांछित इनामी आरोपित अरविंद कुमार सोनी निवासी सपोटरा जिला करौली हाल गणगौरी बाजार जयपुर को टोंक जिले के बरौनी थाना इलाके से डिटेन कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अपराध दिनेश एमएन ने बताया कि आरोपित अरविंद सोनी ठगी के मामले में बूंदी, भीलवाड़ा और टोंक जिले में लम्बे समय से वांछित है। इसकी गिरफ्तारी के लिए बूंदी एसपी की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है।
एडीजी एमएन ने बताया कि टीम को सूचना मिली कि वांछित आरोपित अरविंद सोनी की पत्नी टोंक जिले में रहती है। आरोपित रात के समय कभी-कभार पत्नी से मिलने जाया करता है। सूचना की पुष्टि के बाद बाइक से जा रहे आरोपित को क्राइम ब्रांच की टीम ने जयपुर से पीछा करते हुए टोंक के बरौनी थाना इलाके से डिटेन कर लिया। आरोपित को रात में थाना पुलिस की निगरानी में रखा गया। मंगलवार सुबह बूंदी से आई कोतवाली पुलिस अपने मामले में आरोपित को साथ ले गई।
आरोपित अरविंद सोनी के विरुद्ध साल 2016 में बूंदी जिले के थाना कोतवाली में एक युवक को कनिष्ठ लिपिक के पद पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 40 हजार रुपये की ठगी तथा इसी साल थाना रतनगढ़ चूरू में इसी प्रकार 2.26 लाख रुपये हड़पने का मामला दर्ज किया गया था। आरोपित के विरुद्ध जयपुर, सवाई माधोपुर और टोंक में भी ठगी के मामले दर्ज है। वह शाहपुरा जिले के थाना पारोली एवं टोंक के थाना कोतवाली में वांछित है।
हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप