[ad_1]

जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। शिप्रापथ थाना पुलिस ने सवारी बनकर ऑनलाइन कार किराए पर लेकर चलती कार में तौलिए से चालक का गला दबाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार और एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। पुलिस ने लूटी गई कार, कैश और मोबाइल बरामद भी कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (दक्षिण) दिगंत आनंद ने बताया कि लूट के मामले में आरोपी सोनू दहिया (21) निवासी सिरसा हरियाणा और उसके नाबालिग साथी को निरूद्ध किया है। पुलिस ने दोनों को महेंद्रगढ़ हरियाणा से धर-दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, कैश और मोबाइल बरामद कर लिया है। इस संबंध में हरियाणा निवासी सोनू (30) ने शिप्रापथ थाने में मामला दर्ज करवाया था कि 21 मार्च को उसके मालिक चिराग ने नई कार को लेकर ऑनलाइन बुकिंग एजेंट के जरिए बुकिंग पर दो सवारी लेकर जयपुर भेजा था। दोनों की बातचीत में सोनू दहिया नाम लिया जा रहा था। जयपुर के बीटू बाईपास के पास रेलवे पुल से पहले गले में तौलिया डालकर दबा दिया। दूसरे ने धारदार हथियार दिखाकर मोबाइल और अठारह हजार रुपए छीना और रोड किनारे पटक कर कार लूट ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और कार में लगे जीपीएस के आधार पर पुलिस उन तक पहुंच कर उन्हे पकडा। पुलिस पूछताछ में और भी कई वारदातें खुलने की आशंका जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश सैनी/ईश्वर