[ad_1]

कौशांबी, 29 जनवरी (हि.स.)। सराय अकिल थाना क्षेत्र के पटेल चौराहे पर सिपाही अवनीश दुबे को बदमाशों ने कुचल कर घायल कर दिया। उसे गंभीर हालत में प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सिपाही की मौत हो गई। एसपी ने सोमवार को मामले में जांच कर बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर खुलासा करने का निर्देश दिया है।
बलिया जनपद के रहने वाले अवनीश दुबे साल 2018 में प्रदेश की पुलिस सेवा में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे। मौजूदा समय में अवनीश दुबे की तैनाती सराय अकिल थाना में थी। अवनीश सोमवार की सुबह बकरा चोरी की सूचना पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक सदिंगध कार को उन्होंने रुकने का इशारा किया लेकिन चालक नहीं रुका। बदमाशों ने वाहन से सिपाही को टक्कर मार दिया। सिपाही को इलाज के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। साथी सिपाही अभिषेक गुप्ता की तहरीर पर पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई।
एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रकरण में पुलिस की तीन टीमें घटना के खुलासे के लिए सक्रिय हैं। सिपाही के परिजनों को सूचना दी गई है। उनके आने पर शव को अंतिम संस्कार के उन्हें सौंपा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दीपक/दिलीप