[ad_1]

हिसार, 18 फरवरी (हि.स.)। राजगढ़ रोड पर ठाकुरदास भार्गव स्कूल के पास स्कारपियों की टक्कर से महिला व युवक की मौत हो गई। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। बताया गया है कि पुलिस ने आरोपी स्कॉर्पियो चालक को आजाद नगर नाके पर पकड़ भी लिया।
मृतक महिला की पहचान डिफेंस कॉलोनी निवासी भावना के रूप में हुई है। वह हिसार रोडवेज डिपो में एनाउंसर के रूप में काम करती थी। वह सच मार्केट में रहने वाले अमनदीप के साथ थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाए। पुलिस के अनुसार भावना रोजाना ऑटो में जाती थी लेकिन रविवार सुबह ऑटो न आने के कारण उसने अपने जानकार अमनदीप को फोन करके बुलाया।
अमनदीप स्कूटी लेकर आया और भावना को हिसार डिपो छोड़ने चल दिया। जब वे ठाकुरदास भार्गव स्कूल के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी जाकर डिवाइडर में लगी। उसके दो टुकड़े हो गए तथा डिवाइडर भी टेढ़ा हो गया। स्कॉर्पियो चालक घायलों को खून में लथपथ अवस्था में छोड़कर वहां से फरार हो गया, लेकिन लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए देखने के बाद आजाद नगर नाके पर लोगों ने उसे पकड़ लिया।
लोगों का कहना है कि वह चालक शराब के नशे में था। भावना मूल रूप से कुलेरी गांव की रहने वाली है। अब वह हिसार में डिफेंस कॉलोनी में रहती थीं। भावना के पति परमवीर गुजरात के सूरत में निजी कंपनी में काम करते हैं। भावना की शादी गांव इलावड़ निवासी परमवीर के साथ हुई थी। उनका एक बेटा है। घटना की सूचना परमवीर को दी गई है। मृतक लगभग 32 वर्षीय अमनदीप कैमरी रोड पर सच मार्केट में रहता है।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव