[ad_1]

गोड्डा, 30 जनवरी (हि.स.)। जिले के पोड़ैयाघाट के उत्क्रमित उच्च विद्यालय चतरा में प्रेम प्रसंग में शिक्षक रवि रंजन ने मंगलवार को अंधाधुंध फायरिंग कर दो शिक्षकों को मौत के घाट उतार दिया। बाद में उसने खुद को भी गोली मार ली। स्कूल की लाइब्रेरी हाल में छह राउंड गोलियां चलीं। मृतकों में सुजाता देवी, रवि रंजन और आदेश सिंह हैं।
बताया जाता है कि स्कूल में क्लास चल रही थी। इस बीच तीनों शिक्षकों ने लाइब्रेरी रूम में प्रवेश किया और अंदर से बंद कर दिया। इसके बाद गोली चलने की आवाज आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजे को तोड़ा तो पाया कि यूपी चंदौली गांव के रहने वाले शिक्षक आदर्श कुमार सिंह कुर्सी पर मृत पड़े थे। गोली उसके सीने में लगी थी। दूसरी ओर शिक्षिका सुजाता कुमारी भी जमीन पर गिरी पड़ी थी। उसकी भी मौत हो चुकी थी। सुजाता के पति फौज में हैं।
तीसरे रवि रंजन की कनपटी में गोली लगी थी। गंभीर अवस्था में उसे सदर एसडीपीओ जेपीएन चौधरी और पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ैयाहाट भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। गोली मारने वाले रवि रंजन का पत्नी से संबंध विच्छेद हो गया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। घटना में मृत शिक्षिका सुजाता कुमारी ग्राम दांडे की निवासी है जबकि रवि रंजन पोड़ैयाहाट का निवासी है। मृतक आदर्श सिंह यूपी का बताया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला
बताया जाता है कि रवि रंजन का पहले से सुजाता कुमारी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बाद में सुजाता की नजदीकियां आदर्श सिंह के साथ बढ़ने लगी। यह बात रवि को नागवार गुजरी और उसने पूरे खेल को ही समाप्त कर देने का बड़ा फैसला ले लिया। इसके लिए योजना बनाकर तीन नए-नए देसी रिवॉल्वर की व्यवस्था की और तीनों गोली अलग-अलग रिवॉल्वर से चलायी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तीनों रिवॉल्वर को बरामद कर लिया है। एक साथ तीन शिक्षकों की लाश स्कूल से निकलने के बाद शिक्षा महकमा में मातम छा गया।
हिन्दुस्थान समाचार/ वंदना/चंद्र प्रकाश