[ad_1]

12 फरवरी 2021 में हुआ था हत्याकांड, अतिरिक्त जिला सत्रा न्यायाधीश की अदालत ने सुनाया फैसला
रोहतक, 19 फ़रवरी (हि.स.)। अतिरिक्त जिला एंव सत्र न्यायाधीश गगनदीप की अदालत ने बहुचर्चित जाट अखाड़ा हत्याकांड में दो आरोपियों को दोषी करार दिया है। अब अदालत दोषियों को बुधवार को सजा सुनाएगी। अखाड़ा हत्याकांड में एक बच्चे सहित सात लोगों को गोली मारी थी, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी।
जाट कॉलेज अखाड़ा हत्याकांड 12 फरवरी 2021 को हुआ था। उस दिन 7 लोगों को गोली मारी गई थी। मुख्य कोच मनोज मलिक, उनकी पत्नी साक्षी मलिक, गांव मांडोठी निवासी कोच सतीश, गांव मोखरा निवासी प्रदीप व महिला पहलवान यूपी की मथुरा निवासी पूजा तोमर की मौके पर ही मौत हो गई थी। बाद में मनोज के बेटे करीब 2 वर्षीय सरताज ने भी दम तोड़ दिया था। अखाड़े के बाहर गोली लगने से घायल हुए निडाना निवासी अमरजीत को गंभीर हालत में गुरुग्राम ले जाया गया था। यहां उनकी जान बच गई थी। तभी से जिला अदालत में केस की सुनवाई चल रही थी।
पीड़ित पक्ष के वकील जय हुड्डा ने बताया कि वकीलों का वर्क सस्पेंड होने के कारण सोमवार को सजा पर बहस नहीं हो सकी। जाट कॉलेज अखाड़ा के सीनियर कोच मनोज मलिक व उसकी पत्नी साक्षी मलिक ने आरोपी कोच सुखविंदर को उसके खिलाफ मिल रही शिकायतों के कारण अखाड़े में आने से मना किया था। मनोज मलिक जाट कॉलेज में डीपी के पद पर कार्यरत थे। कॉलेज के पीछे बना अखाड़ा भी मनोज की देखरेख में चलता था। इसी अखाड़े में सुखविंदर भी कोचिंग देता था। वारदात के करीब 5 माह पहले दो महिला खिलाड़ियों ने मनोज से सुखविंदर की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद मनोज ने सुखविंदर को मना कर दिया था कि वह कोचिंग देने अखाड़े में न आए। इसी रंजिश के चलते मनोज और साक्षी की हत्या की गई थी। इनके तीन साल के बेटे सरताज की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। लेकिन उसके सिर में भी गोली मारी गई थी, जो आंख से आर-पार हो गई थी। सरताज 4 दिन तक अपनी जिंदगी की लड़ाई लड़ता-लड़ता दम तोड़ गया था।
मूल रुप से उत्तर प्रदेश के मथुरा की रहने वाली पहलवान पूजा तोमर ने दंगल फिल्म देखकर हरियाणा के रोहतक से कुश्ती सीखने का फैसला लिया था। जिसके बाद वह जाट अखाड़ा में ट्रेनिंग लेने लगी। यहां पर आरोपी सुखविंदर उसे परेशान करता था। जिसकी शिकायत पूजा ने सीनियर कोच मनोज को दी थी। इसी शिकायत पर मनोज व साक्षी ने सुखविंदर को अखाड़े में आने से रोक दिया था।
हिन्दुस्थान समाचार/अनिल/संजीव