[ad_1]

पीड़ित बच्चे के परिजनों ने चेयरमैन के खिलाफ कराया केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
रोहतक, 25 फ़रवरी (हि.स.)। सदर थाना के अंतर्गत एक प्राईवेट स्कूल के चेयरमैन ने नौवीं कक्षा के एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे छात्र की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। बाद में पुलिस ने पीड़ित बच्चे के परिजनों के ब्यान पर चेयरमैन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सदर थाना क्षेत्र स्थित एक प्राईवेट स्कूल के चेयरमैन के खिलाफ दिल्ली निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसके दो बेटे स्कूल में पढ़ते हैं। उसका बड़ा बेटा नौवीं कक्षा और छोटा बेटा सातवीं कक्षा में पढ़ता है। दोनों यहीं हॉस्टल में रहते हैं। तीन दिन पहले हॉस्टल में शोर मचाने को लेकर चेयरमैन ने नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले उसके बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी। छात्र ने इस बारे में अपने परिजनों को बताया कि दूसरे बच्चे शोर कर रहे थे और उसका कोई लेना-देना नहीं था। बच्चे ने बताया कि दूसरे बच्चों के शोर के कारण वह ग्राउंड में आ गया, उसी दौरान वहां स्कूल के चेयरमैन आ गए।
चेयरमैन ने हाथ में डंडा लिया हुआ था, उन्होंने शोर क्यों कर रहे हो कहते उसे मारना शुरू कर दिया। इस दौरान चेयरमैन ने उसके साथ मारपीट की और धमकाया भी कि अगर पिटाई के बारे में किसी को बताया तो जान से मार दूंगा। मामले का पता चलने पर परिजन बच्चे को साथ लेकर सदर थाना पहुंचे और इस बारे में शिकायत दर्ज करवाई। छात्र के पिता ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी स्कूल के वार्डन ने उनके साथ बदतमीजी की थी। इसी रंजिश में अब उसके बड़े बेटे के साथ मारपीट की, पहले भी स्कूल चेयरमैन इस तरह की वारदात कर चुका है। इस बारे में जांच अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि छात्र की मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कारवाई अमल में लाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल