[ad_1]

वार्ता से यूनियन संतुष्ट नहीं हैं, अब एफसीआर के साथ होगी बैठक: जयबीर चहल
चंडीगढ़, 29 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा सरकार तथा प्रदेश के हड़ताली पटावारियों के बीच सोमवार को हुई वार्ता फेल हो गई। प्रदेश में अब पटवारियों की हड़ताल 31 जनवरी तक जारी रहेगी। इसके बाद पटवारी आगे की रणनीति पर फैसला करेंगे।
राज्य में पटवारियों और कानूनगो ने एसोसिएशन के आह्वान पर तहसीलों में धरना-प्रदर्शन चल रहे हैं। हड़ताल के कारण लोगों को तहसीलों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जमीन की रजिस्ट्री और ट्रांसफर सहित पटवारी और कानूनगो के अंतर्गत आने वाले 75 तरह के काम नहीं हो रहे हैं। नए साल की शुरुआत से ही यह सभी काम पूरी तरह ठप पड़े हैं। सोमवार को चंडीगढ़ में सरकार के साथ हुई मीटिंग बेनतीजा रही।
मीटिंग के बाद पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन प्रधान जयबीर चहल ने बताया कि वित्त विभाग के अतिरिक्ति मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ सोमवार को हुई पहले दौर की बैठक में दो प्वांइट पर चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि हमने एडिशनल चीफ सेक्रेटरी के समक्ष ग्रेड-पे की मांग रखी थी। वार्ता के दौरान जो बातें हुई हैं, उससे यूनियन संतुष्ट नहीं हैं। अब एसोसिएशन की बैठक एफसीआर के साथ होगी। चहल ने बताया कि वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ वार्ता में पे-ग्रेड में संशोधन और एसीपी के मुद्दे पर पेंच फंसा रहा। वित्त सचिव का तर्क था कि पे स्केल को बढ़ाने में कानूनी अड़चनें हैं, जबकि पटवारियों का कहना था कि जब पे स्केल को एक जनवरी 2016 से बढ़ाने के आदेश जारी हुए हैं, तो इसका लाभ भी उसी दिन से दिया जाना चाहिए।
चहल ने कहा कि बैठक में जो बातें हुई हैं, उससे हम संतुष्ट नहीं हैं। जल्द ही राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्तायुक्त राजस्व टीवीएसएन प्रसाद के साथ मीटिंग हो सकती है। इसके बाद ही आगे की रणनीति बनाई जाएगी। पटवारियों का कहना है कि हड़ताल 31 जनवरी तक जारी रहेगी, उसके बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा। पटवारियों की इस हड़ताल से सरकार को भी करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान अभी तक हो चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील