[ad_1]

हमीरपुर, 05 मार्च (हि.स.)। मौदहा कस्बे के भीड़भाड़ वाले गोल मार्केट में एक वृद्ध के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिसकी इलाज के दौरान उसी दिन मौत हो गई। पुलिस ने अलग—अलग एंगल से जांच कर घटना के जल्द खुलासे की बात कर परिजनों सहित संदिग्धों को कोतवाली लाकर पूछताछ शुरू की, लेकिन घटना के बाद से ही कस्बे के पूर्वी तरौस निवासी अहमद पुत्र जमील पुलिस के निशाने पर था। जिसे पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद घटना का खुलासा किया है।
रविवार की सुबह कस्बे के गोल मार्केट में लेटने वाले हैदरिया निवासी वृद्ध जमुल उर्फ नत्थू की अज्ञात लोगों द्वारा बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिसके बाद इलाज के दौरान नत्थू की मौत हो गई।
घटना की जानकारी होते ही पुलिस ने सभी एंगलों से मामले की जांच कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। साथ ही मृतक के पुत्र जहीर उद्दीन की तहरीर पर अज्ञात के विरूद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को कस्बे के पूर्वी तरौस निवासी अहमद बिरयानी पुत्र जमील भी नजर आया, जिसे पुलिस ने कांशीराम कालोनी के निकट घेर कर पकड़ लिया और कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या करने की बात भी कुबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि उस दिन उसके बहनोई की मौत हो गई थी और वह शराब के नशे में था जिसके चलते उसके भांजे इंतजार ने उसे घर से भगा दिया था और उसके बाद वह रात में लेटने के लिए गोल मार्केट पहुंचा, जहां पर मौजूद मृतक जमीलुददीन उर्फ नत्थू ने उसके शराब के नशे में होने के कारण उसे गालियां दे दीं। जिससे वह आक्रोश में आ गया और उसने वृद्ध के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना में प्रयोग किया गया डण्डा भी बरामद कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/राजेश