[ad_1]

जौनपुर, 20 मार्च (हि.स.)। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बाबू रामपुर गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कम्प मच गया जब गांव की गौशाला में पशुओं के कराहने की आवाज सुन ग्रामीण गौशाला में पहुंचे तो वहां पशुओं का कटा मांस देखकर हैरान हो गए। वहीं मौके से पशुवध का मांस खरीदने आये युवक को ग्रामीणों ने धर दबोचा। घटना के बाद मौके पर भारी फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने प्रधान पति सहित चार को गिरफ्तार कर लिया है। गौशाला की रक्षा के लिए गांव के ही लगे दो युवक मौके से फरार हो गए।
थाना क्षेत्र के सुजानगंज मुंगराबादशाहपुर बार्डर का गांव बाबूरामपुर के गौशाला में तैनात दो युवक गौकशी करके उसे बेचने के फिराक में थे। खरीदारी करने आया युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। जबकि मुख्य आरोपी दो युवक फरार हो गये।
बुधवार सुबह ग्रामीण गौशाला की तरफ से गुजर रहे थे तो उसमें तेज तेज आवाज आ रही थी। ग्रामीणों को शक हुआ तो अंदर गये तो नजारा देखने के बाद उनके होश उड़ गये। गौशाला में गौकशी की गई थी, चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था। गौशाला में तैनात दो युवक राम सहल व संत लाल गौतम निवासी बाबूरामपुर भाग खड़े हुए। मौके पर मौजूद खरीदारी करने आया अंजय कुमार निवासी फूलपुर ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया।गुस्साए लोगों ने अजय कुमार की जमकर पिटाई की और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष संतोष पाठक को जानकारी मिली तो वह मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये और युवक को हिरासत में ले लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस गौकशी में प्रधान पति प्रदीप सरोज की भी संलिप्तता है। मौके पर एसपी ग्रामीण शैलेन्द्र सिंह, सीओ मछली शहर गिरेन्द्र सिंह, एसडीएम राजेश चौरसिया भी पहुंचे और घटना का जायजा लिया।
घटना के सम्बंध में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के बाबू रामपुर गांव स्थित गौशाला में एक गोवंश की हत्या की सूचना मिली। इस पर तत्काल पुलिस व अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच कर विधि कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर नियमानुसार कार्य कराया गया। तहरीर के आधार पर चार नामजद अभियुक्त अजय गौतम निवासी फूलपुर संतराम गौतम निवासी मुंगराबादशाहपुर झगड़ु गौतम निवासी मुंगराबादशाहपुर व प्रदीप सरोज प्रधान पति निवासी रामपुरदान प्रधान को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से आलाकत्ल भी बरामद कर विधि कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/विद्याकांत