[ad_1]

कानपुर,23 जनवरी (हि.स.)। सीसामऊ थाना क्षेत्र के चमनगंज की रहने वाली एक महिला के खाते से साइबर ठगों ने वर्क फ्रॉम होम जॉब के नाम पर लालच देकर धोखाधड़ी करके सात लाख तिरालीस हजार रुपये लूट लिया था। हालांकि सक्रिय हुई साइबर थाने की पुलिस टीम ने मंगलवार को दो लाख अट्ठावन हजार रुपये पीड़िता के खाते में वापस कराने में कामयाब हो गई।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक हरमी सिंह ने बताया कि सीसामऊ के चमनगंज निवासी आयशा खातून के मोबाइल फोन पर एक अनजान नम्बर से व्हाट्सप पर वर्क फ्रॉम होम जॉब के नाम से मैसेज आया था। पीड़िता को बताया कि आपको प्रतिदिन तीन हजार से पैंतालीस सौ दिया जाएगा। इस तरह से पीड़ित को झांसे में लेकर सात लाख तिरालीस हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित को जब उसे शक हुआ तो उसने साइबर सेल में घटना की शिकायत की।
पुलिस आयुक्त साइबर एवं थाना प्रभारी ने पीड़ित से तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी। इसके साथ बैंक से पत्राचार करके मंगलवार को पीड़ित के खाते में दो लाख 58 हजार रुपये वापस कराने में कामयाबी मिल गई। जिसके बाद पीड़ित ने थाने में आकर साइबर सेल के कर्मचारियों धन्यवाद दिया।
साइबर प्रभारी निरीक्षक ने बताया उसकी शेष बची हुई धनराशि को वापस कराने के लिए पत्राचार किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक ने आम जनता से अपील किया है कि साइवर ठगों से सावधान रहें, थोड़ी सी चूक होने पर आप लूट जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/दीपक/मोहित