[ad_1]


हुगली, 17 फरवरी(हि. स.)। हुगली जिले के कानाईपुर ग्राम पंचायत के आदर्श नगर इंग्लिश रोड इलाके में शुक्रवार शाम एक आठ वर्षीय बच्चे की नृशंस हत्या की घटना से इलाके में दहशत है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार कक्षा चार का छात्र स्नेहांशु शर्मा शुक्रवार की शाम अपने कमरे में होमवर्क कर रहा था। स्नेहांशु के पिता पंकज शर्मा कोलकाता में एक निजी कंपनी में काम करते हैं और मां गुड्डी शर्मा भी एक कॉस्मेटिक शॉप में काम करती हैं। शाम को बच्चा घर पर पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान जब पड़ोस में रहने वाली उसकी चचेरी बहन उसके कमरे में दाखिल हुई, तो उसने स्नेहांशु को खून से लथपथ पड़ा हुआ पाया। उसी की चीख-पुकार सुनकर इलाके के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर सभी हैरान थे। तेज आवाज के साथ टीवी चल रहा था और खून से लथपथ स्नेहांशु पड़ा हुआ था। उसके शरीर पर कई स्थानों पर गहरे जख्म थे। उसे तुरंत हिंदमोटर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब वे घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पूरा कमरे में खून फैला हुआ था। बच्चे के पूरे शरीर पर चोट के निशान थे। उसका सिर बहुत चोटिल हुआ था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई।
शनिवार को घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे चंदननगर के पुलिस कमिश्नर अमित पी जावलगी ने कहा कि मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। जल्द ही हत्यारों को खोज निकाला जाएगा।
मौके पर जाकर जब हिन्दुस्थान समाचार की टीम ने पड़ताल की तो पाया कि स्नेहांशु के घर एक पालतू कुत्ता है जो स्वभाविक रूप से बाहरी लोगों के आने पर भोंकता है। लेकिन घटना के समय उस पालतू कुत्ते के भौंकने की आवाज भी किसी ने नहीं सुनी। आदर्शनगर का इंग्लिश रोड इलाका जनबहुल है। स्थानीय लोगों का प्राथमिक अनुमान है कि इस घटना के पीछे परिवार के किसी जानने वाले का हाथ हो सकता है।
बहरहाल, पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी के गिरफ्तारी की सूचना नहीं थी।
हिन्दुस्थान समाचार/ धनंजय