[ad_1]

बंगाईगांव (असम), 05 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज स्पष्ट किया कि आसन्न लोकसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के साथ भाजपा की किसी भी प्रकार की बातचीत नहीं होगी। हालांकि, उन्होंने यह अवश्य कहा कि जिन सीटों पर बीपीएफ अपने उम्मीदवार खड़ा नहीं करेगी, उन सीटों पर भाजपा गठबंधन के उम्मीदवारों का यदि बीपीएफ समर्थन करे तो यह उनकी बात है। ज्ञात हो कि भाजपा का असम गण परिषद के साथ ही यूपीपीएल के साथ गठबंधन है। भाजपा गठबंधन से यूपीपीएल के उम्मीदवार बोडोलैंड की कोकराझाड़ सीट पर चुनाव लड़ेगी।
वहीं, आज कोकराझाड़ में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीपीएफ प्रमुख हग्रामा महिलारी ने कहा कि वे बोडोलैंड की दो सीटें- कोकराझाड़ और दरंग-उदालगुड़ी सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों ही सीटों पर उनके उम्मीदवारों की जीत निश्चित है और उनके सांसद केंद्र में नई बनने वाली सरकार में केंद्रीय मंत्री भी बनेंगे। उन्होंने कहा कि बोडोलैंड के बाहर भी उनकी अच्छी स्थिति है। पार्टी विचार कर रही है कि बोडोलैंड के बाहर की सीटों को लेकर क्या किया जाए।
उल्लेखनीय है कि बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) में बीपीएफ के साथ गठबंधन तोड़कर पिछले चुनाव में भाजपा ने यूपीपीएल के साथ गठबंधन किया था। यूपीपीएल के नेता प्रमोद बोड़ो बीटीसी के मुख्य कार्यकारी सदस्य पद पर आसीन हैं। बावजूद इसके बीपीएफ के साथ भाजपा का असम विधानसभा और लोकसभा में समझौता है। यही वजह है कि गठबंधन नहीं होते हुए भी बीपीएफ बोडोलैंड के बाहर भाजपा गठबंधन के प्रत्याशियों का समर्थन कर सकती है। देखना यह है कि चुनाव आने तक स्थितियां क्या रुख अख्तियार करती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद