[ad_1]

– राज्यपाल ने दल की प्रतिबद्धता और समर्पण के लिए उनकी सराहना की
गुवाहाटी, 01 फरवरी (हि.स.)। नई दिल्ली में 75वें गणतंत्र दिवस समारोह पर, गणतंत्र दिवस परेड और प्रधानमंत्री की रैली में भाग लेने वाले सभी उत्तर पूर्वी राज्यों के एनसीसी लड़कों और लड़कियों के कैडेटों का प्रतिनिधित्व करने वाले एनईआर निदेशालय एनसीसी दल ने असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से आज राजभवन में मुलाकात की।
ज्ञात हो कि शिविर में 171 एनसीसी कैडेटों के साथ-साथ एनसीसी गर्ल्स बैंड के जूनियर विंग कैडेट और 4 रिमाउंट और वेटरनरी कंपनी के कैडेटों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। राज्यपाल कटारिया ने दल के प्रत्येक सदस्य को बधाई देते हुए कहा, ”मुझे गर्व है कि 29 दिसंबर से 29 जनवरी तक नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस शिविर में आपने सेवा और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपने समर्पण और प्रेम का प्रदर्शन किया है। ऐसा करके आपने पूर्वोत्तर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। आप सभी कैडेटों ने 29 जनवरी को आयोजित प्रधानमंत्री की रैली में भाग लेकर राष्ट्रीय सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और एकता की भावना को प्रदर्शित किया है। पूर्वोत्तर क्षेत्र का यह विविध समूह प्रतिभा और प्रतिबद्धता की एक समृद्ध तस्वीर को दर्शाता है।”
राज्यपाल ने राज्य के विभिन्न जिलों से प्रतिभाशाली एनसीसी कैडेटों का चयन करने और एक ऐसा प्रतिनिधित्व तैयार करने के लिए एनसीसी पूर्वोत्तर क्षेत्रीय निदेशालय की सराहना की जो वास्तव में क्षेत्र की विविधता और एकता को दर्शाता है।
राज्यपाल ने दल को सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक दल की ट्रॉफी से सम्मानित होने पर बधाई भी दी। यह पुरस्कार दल की रचनात्मकता और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने उन्हें अपने भविष्य में उत्कृष्टता जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के विकास में एनसीसी की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि एनसीसी भारतीय होने की भावना को मजबूत करता है।
समारोह के दौरान राज्यपाल के आयुक्त एवं सचिव एसएस मीनाक्षी सुंदरम, मेजर जनरल गगनदीप सिंह, ब्रिगेडियर दिनार दिघे, ब्रिगेडियर विजयंत महादिक और राजभवन के अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविंद/प्रभात