[ad_1]


शोणितपुर (असम), 05 मार्च (हि.स.)। शोणितपुर जिलांतर्गत बालीपाड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधार्थ पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर आज 15 संगठनों ने रंगिया रेलवे संमडल प्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपा।
बालीपाड़ी के आम लोगों और संगठनों ने कहा कि रेलवे द्वारा गुवाहाटी तक सफर करने के लिए बालीपाड़ा से सड़क मार्ग द्वारा रंगापाड़ा रेलवे स्टेशन तक जाना होता है। सड़क मार्ग से रंगापाड़ा तक जाने के दौरान विशेष कर सबसे अधिक रात्रि के समय सड़क पर जंगली हाथियों के आने को लेकर जान का जोखिम बना रहता है।
लोगों ने कहा कि गुवाहाटी के लिए रंगापाड़ा स्टेशन से डोनी पोलो और लाचित एक्सप्रेस ट्रेन को पकड़ाना होता है। संगठनों ने कहा कि बालीपाड़ा, चारद्वार, भालुकपुंग, लोखरा, बारह माइल, अट्ठारह माईल, एरा गांव, खेलमाटी, आदाबाड़ी आदि कई इलाकों के यात्रियों की लंबे समय से यह मांग रही है कि बालीपाड़ा रेलवे स्टेशन पर विशेष कर रात के समय पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होना चाहिए।
इसी कड़ी में आज बालीपाड़ा के विभिन्न संगठनों, जिसमें आसू, आब्सू, असम सेना, आटसा, आक्रासू, उन्नति सभा, गारो फेडरेशन, निशी एलाईड सोसायटी, बालीपाडा प्रेस क्लब, उन्नयन समिति और बालीपाड़ा मार्चेन्ट एसोशिएशन शामिल हैं। बालीपाड़ा में रात के समय पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर आज एक ज्ञापन सौंपा गया।
वहीं, लोगों ने कहा कि बालीपाड़ा रेलवे स्टेशन तक जाने के लिए सडक की हालत बेहद खस्ता है। रात के समय सड़क किनारे की स्ट्रीट लाइट सभी नहीं जलती है, जिसके चलते पैदल यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
हिन्दुस्थान समाचार/जयकिशोर/अरविंद