Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

मेरठ, 17 जनवरी (हि.स.)। गैंगस्टर में आरोपित बसपा के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की हापुड़ रोड पर अलीपुर स्थित बंद पड़ी मीट फैक्ट्री से बदमाशों ने गार्डों को बंधक बनाकर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का सामान लूट लिया। बुधवार को किसी तरह से बंधक मुक्त होकर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
हापुड़ रोड स्थित अलीपुर में पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की अल फहीम मीट फैक्ट्री बंद पड़ी है। बंद फैक्ट्री की सुरक्षा में हामिद, साजिद, आमिर और शाहिद नाम के सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। मंगलवार रात्रि फैक्ट्री के पिछले हिस्से से सीढ़ी लगाकर लगभग छह नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ फैक्ट्री में पहुंच गए और फैक्ट्री में सो रहे सभी गार्डों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने फैक्ट्री में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक पैनल को तोड़कर पैनल के करीब डेढ़ करोड रुपये के पार्ट्स लूट लिये। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। बुधवार को किसी तरह से गार्डों ने अपने बंधन खोले और याकूब कुरैशी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी। लोहिया नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गार्डों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
कुछ दिन पहले भी कार सवार बदमाशों ने इसी फैक्ट्री के सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर 40 लाख रुपये की डकैती को अंजाम दिया था। पुलिस ने घटना में शामिल बदमाशों की घेराबंदी करते हुए बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। डकैती में शामिल कुछ बदमाश अभी फरार चल रहे हैं। जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। लोहिया नगर थाना प्रभारी केपी सिंह के अनुसार, बदमाशों की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/राजेश