Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

मेरठ, 28 फरवरी (हि.स.)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की मदीना कॉलोनी में बुधवार को उधार में रसगुल्ले नहीं देने पर कुछ लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद दुकानदार पर फायरिंग करते हुए दुकान में लूटपाट करके फरार हो गए। दुकानदार ने आरोपितों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
मदीना कॉलोनी स्थित चार खंबा रोड पर राशिद की हलवाई की दुकान है। राशिद ने आरोप लगाया कि समर कॉलोनी निवासी समीर व अनस अक्सर सामान लेकर बिना पैसे दिए चले जाते हैं। मिठाई के पैसे मांगने पर आरोपित उसके साथ गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हैं। बुधवार को समीर व अनस उसकी दुकान पर आकर जबरन उधार रसगुल्ले मांगने लगे। राशिद ने बिना पैसों के रसगुल्ले देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर समीर और अनस ने राशिद के साथ गाली-गलौज की और धमकी देकर चले गए। थोड़ी ही देर बाद समर, जिशान, जुबैर और एक महिला के साथ उसकी दुकान पर पहुंचे। आरोपितों ने दुकान में तोड़फोड़ कर दी और गल्ले में मौजूद 1500 रुपए लूट लिये। इसके साथ ही पिस्टल निकाल कर राशिद के साथ जमकर मारपीट और फायरिंग कर दी। राशिद ने दुकान के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपित फरार हो गए। राशिद ने आरोपितों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है।
लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के अनुसार, मारपीट और फायरिंग की सूचना पर छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनके पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/मोहित