[ad_1]

शिमला, 11 मार्च (हि.स.)। जिले के रोहड़ू उपमण्डल के टिक्कर इलाके में रविवार दोपहर बाद एक बोलेरो वाहन के खाई में गिरने से दादा व पोते की मौत हो गई। हादसे में छह अन्य घायल हुए हैं। जिन्हें सिविल अस्पताल रोहड़ू में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक एक बोलेरो वाहन रविवार दोपहर पूजारली के चरोट कैंची में सड़क से फिसलकर करीब 150 फिट गहरी खाई में पलट गई। बोलेरो में दो बच्चों सहित आठ लोग सवार थे। हादसे में टिक्कर के गजानंदली के रहने वाले अक्षत (10) पुत्र कांशी राम और उसके दादा बहादुर सिंह (65) पुत्र बोखल की मौत हो गई। इस दुर्घटना में हादसे में अक्षत की मां पूनम (33) के अलावा सत्या देवी (55), सीमा (30), सीमा (10), गीता (35) और चालक अमर खतरी (35) घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार चालक की लापरवाही की वजह से हादसा हुआ है। सूचना मिलने पर रोहड़ू पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। डीएसपी रोहड़ू रविन्द्र नेगी ने सोमवार को बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू की है।
हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील