[ad_1]
धुबड़ी (असम), 12 मार्च (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा पूर्व मंत्री रकीबुल हुसैन ने आरोप लगाया है कि सांसद मौलाना बदरुद्दीन अजमल के कारण धुबड़ी लोकसभा क्षेत्र का विकास अवरुद्ध हो गया। आज जिले के गौरीपुर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए रकीबुल हुसैन ने कहा कि 2009 में धुबड़ी लोकसभा सीट कांग्रेस के हाथ से अजमल के हाथों में आई, तब से ही धुबड़ी की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बदरुद्दीन अजमल का मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के साथ अंदरूनी सांठ-गांठ है। यदि हिमंत बिस्व सरमा को मुख्यमंत्री पद से हटाना है तो बदरुद्दीन अजमल को धुबड़ी से हटाना होगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले हिमंत बिस्व सरमा मुसलमान को मियां कहकर उच्चारित करते थे। आज वह मुसलमान कहने लगे हैं। उन्होंने कहा की हिमंत बिस्व सरमा की बातों में एकरूपता नहीं होती है, आज कुछ कहेंगे तो कल कुछ और। उन्होंने कहा कि असम पुलिस को हिमंत बिस्व सरमा के विरुद्ध सूओ मोटो केस दर्ज करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज असम के लिए काला दिन है। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को किसी भी हालत में हम नहीं मानेंगे। संवाददाता सम्मेलन के दौरान रकीबुल हुसैन ने पत्रकारों के कई अन्य सवालों के भी सीधे-सीधे उत्तर दिए।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद