[ad_1]

डॉ. होमी जहांगीर भाभा और पंडित भीमसेन जोशी को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
भोपाल, 24 जनवरी (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की आज जयंती है। कर्पूरी ठाकुर का जन्म 24 जनवरी 1924 को समस्तीपुर के पितौंझिया गांव में हुआ। वे बिहार के पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री थे। निधन के 36 साल बाद देश का सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ देने का फैसला लिया गया है। मप्र के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्व कर्पूरी ठाकुर को जयंती पर नमन किया है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा अपना संपूर्ण जीवन गरीबों व वंचितों के कल्याण के लिए होम कर देने वाले सामाजिक समरसता के प्रतीक एवं कुशल राजनीतिज्ञ, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ‘जन-नायक’ स्व. कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती पर कोटिशः नमन करता हूँ। राष्ट्र की सेवा और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित आपका जीवन समस्त भारतवासियों को देश एवं समाज की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
डॉ. होमी जहांगीर भाभा और पंडित भीमसेन जोशी को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ यादव ने महान वैज्ञानिक डॉ. होमी जहांगीर भाभा को पुण्यतिथि पर स्मरण करते हुए लिखा भारतीय परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के जनक, महान वैज्ञानिक डॉ. होमी जहांगीर भाभा जी की पुण्यतिथि पर उनके चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आपके अथक प्रयासों ने भारत को परमाणु संपन्न राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विज्ञान के माध्यम से आपने जो माँ भारती की अतुलनीय सेवा की है, वह देशवासियों को राष्ट्र सेवा एवं उत्थान के कार्यों के लिए सदैव प्रेरित करती रहेगी।
एक अन्य संदेश के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ यादव ने महान गायक, पंडित भीमसेन जोशी को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा भारतीय शास्त्रीय संगीत को पूरी दुनिया में लोकप्रिय बनाने वाले भारत रत्न से सम्मानित, महान गायक, पंडित भीमसेन जोशी जी की पुण्यतिथि पर उनके चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। अपनी मधुर आवाज से खयाल, ठुमरी व भजन गायन को नई ऊंचाइयां प्रदान कर आपने संगीत जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संगीत के सच्चे साधक और समर्पित सेवक के रूप में आप सदैव संगीत प्रेमियों के हृदय बसे रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा//मयंक