[ad_1]

अयोध्या, 12 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर पूरे देश में हर्षोल्लास का वातावरण है। सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठन अपने-अपने ढंग से रामोत्सव मनाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) 22 जनवरी को देश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में दीपोत्सव मनाएगा। इस दिन परिषद के कार्यकर्ता अपने घर के साथ-साथ कालेज एवं विश्वविद्यालय परिसर को दीपमालिका से सजाएंगे। इसके अलावा जन्मभूमि पर रामलला विराजमान होने की खुशी में एबीवीपी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर ऊँ अंकित पताका और दीपक का वितरण करेंगे।
एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. राजशरण शाही ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि यह केवल राम का मंदिर नहीं बन रहा है। यह राष्ट्र का मंदिर बन रहा है। राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका होनी चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी की भूमिका हो इसलिए देश के प्रत्येक शैक्षणिक संस्थानों में 22 जनवरी को दीपोत्सव होगा। इस दिन विद्यार्थी कालेज एवं विश्वविद्यालय परिसर को दीपोत्सव से सजाने के साथ-साथ अपने घरों पर भगवा पताका फहराएंगे और दीपमालिका सजाएंगे। राम हमारे आराध्य हैं। राम का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। इसलिए राम की राष्ट्र भावना को समझकर उस पथ पर चलने का संकल्प लें।
डा. शाही ने बताया कि इस समय देशभर में अक्षत वितरण का कार्यक्रम चल रहा है। इस अभियान में भी एबीवीपी के कार्यकर्ता सक्रिय रूप से लगे हैं। इसके अलावा राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी में भी परिषद के कार्यकर्ता लगेंगे। ऊँ अंकित पताका एवं दीपक का वितरण अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद 15 जनवरी से शुरू करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन
/पवन
[ad_2]