[ad_1]

गुवाहाटी, 27 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने आरोप लगाया है कि प्रत्येक दिन मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और उनके मंत्रिमंडल के कई मंत्री उनका (भूपेन बोरा का) अपमान करते हैं। मेरे विरुद्ध काफी निचले स्तर का मंतव्य करते हैं।
भूपेन बोरा ने आरोप लगाया कि गुवाहाटी स्थित उनके घर को तोड़ने की नोटिस दी गई है। उनके परिवार पर हमले किए जा रहे हैं। उनके भाई की पत्नी का छह माह के अंदर दो बार तबादला किया जा चुका है। भूपेन बोरा के भाई का मिजोरम की सीमा पर तबादला कर दिया गया है। उनके पास हर दिन सीआईडी, जोरहाट थाना आदि में जाने को कहा जाता है। उनका अपराध यही है कि वह अपने सिद्धांतों की राजनीति करते हुए कांग्रेस में टिके रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष बोरा ने कहा कि 2014 के चुनाव में भाजपा की स्थिति मजबूत होते देख हिमंत बिस्व सरमा भाजपा में चले गए। लेकिन उन्होंने (भूपेन बोरा ने) अपना राजनीतिक हित नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों पर चलना उचित समझा। कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने कहा कि सिद्धांतों पर चलने के लिए उन्हें आज मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों द्वारा अपमानित किया जाता है, जिसे राज्य की जनता देख रही है। कांग्रेस अध्यक्ष आज एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद