[ad_1]

मुंबई, 11 मार्च (हि. स.)। मराठा आरक्षण की मांग को लेकर हुए आंदोलन के दौरान हिंसक घटनाओं की जांच के लिए राज्य सरकार ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर दी है। इस एसआईटी का नेतृत्व नासिक जिले के पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक को सौंपा गया है और उन्हें तीन माह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
दरअसल, विधानमंडल के बजट सत्र में मराठा आरक्षण और मनोज जारांगे पाटिल के आंदोलन के दौरान हिंसक घटनाओं, विधायकों के घर जलाए जाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस वालों पर हमला किए जाने का मुद्दा उठाया गया था। उस समय विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने मराठा आंदोलन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं की जांच के लिए एसआईटी गठित का आदेश दिया था।
इसके तहत ही सोमवार को राज्य सरकार ने आईपीएस अधिकारी संदीप कर्णिक के नेतृत्व में एसआईटी गठित करने का निर्णय राज्य सरकार की ओर से लिया गया है। साथ ही इस कमेटी को तीन महीने में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं । एसआईटी मराठा आंदोलन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के पीछे कौन है? क्या सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे की कोशिश की गई? क्या गलत सूचनाएं और अफवाहें फैलाई गईं? इस संबंध में जांच करेगी। एसआईटी को विशेषज्ञों को आमंत्रित करने और आवश्यक जनशक्ति नियुक्त करने का भी अधिकार दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/सुनील