[ad_1]

देहरादून, 01 मार्च (हि.स.)। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ निरंतर रूप से कार्रवाई की जा रही है। बगैर मानचित्र पास कराए निर्माण व अवैध निर्माण पर शुक्रवार को ध्वस्तीकरण व सील की कार्रवाई की गई।
मेहुवाला माफी, शिमला बायपास पर कुर्बान अली ने बगैर मानचित्र पास कराए कामर्शियल निर्माण कर लिया था। इस प्रकरण में अधिशासी अभियंता के आदेशानुसार सील करने की कार्रवाई की गई। एक अन्य प्रकरण में शिमला बायपास झिंवेरहेड़ी में रतिराम ने अवैध रूप से दुकानों का निर्माण कर लिया था। इसे भी सील किया गया। वहीं पोस्ट आफिस रोड विधौली में 15 से 18 बीघा में कुछ लोगों ने अवैध प्लॉटिंग कर ली थी। उक्त प्रकरण में अधिशासी अभियंता के आदेश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। टीम में सहायक अभियंता पंकज पाठक, अवर अभियंता विपिन सैनी व नितिन नायक, सुपरवाइजर नरेंद्र सिंह व राकेश कुमार थे।
हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/वीरेन्द्र