[ad_1]


देशी कट्टा,खोखा सहित अन्य समान बरामद
अररिया 12 मार्च(हि.स.)। अररिया जिला के टॉप टेन अपराधियों में शुमार राजेश कुमार मंडल उर्फ राजा के साथ दो अन्य अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इन तीनों की गिरफ्तारी 27 अक्टूबर 2023 को कुसियारगांव के डौली फ्यूल सेंटर के मैनेजर से शाम सात बजे अररिया बस स्टैंड ओवरब्रिज के पास हुए लूटकांड मामले में की है। पुलिस लाइन के पास से घटना में उपयोग में लाए गए ब्लू रंग के अपाची मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल, एक खोखा और एक मोबाइल बरामद किया है। इस बात की जानकारी अररिया एसपी अमित रंजन ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में मंगलवार को कही ।
अररिया एसपी अमित रंजन ने बताया कि 27 अक्टूबर 2023 को अररिया बस स्टैंड ओवरब्रिज के पास दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर डौली फ्यूल सेंटर कुसियारगांव के मैनेजर से 32 हजार 500 रुपये, मोबाइल एवं अन्य कागजात लूट लिए थे,जिसको लेकर अररिया थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले के उद्भेदन को लेकर डीआईयू प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसके द्वारा तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेते हुए टीम ने मटियारी चौक से अप्राथमिकी अभियुक्त महलगांव थाना क्षेत्र के वागनगर निवासी 22 वर्षीय राजेश कुमार मंडल उर्फ राजा पिता- दुखाई मंडल को गिरफ्तार किया। राजा के स्वीकारोक्ति बयान पर घटना में लाइनर की भूमिका निभाने वाले नगर थाना क्षेत्र के मटियारी निवासी सुबोध पासवान के 20 साल के पुत्र सचिन कुमार पासवान को घटना में प्रयुक्त ब्लू रंग के अपाची मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी रानीगंज के मधुलता निवासी 24 कुमार वर्षीय मुकेश कुमार मेहता पिता जयनारायण मेहता को एक देशी पिस्तौल और खोखा के साथ गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने बताया कि मुकेश कुमार मेहता के पास से बरामद अवैध हथियार को लेकर रानीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसपी अमित रंजन ने बताया कि राजेश कुमार मंडल जिले के टॉप टेन अपराधियों में शामिल था, जिनके खिलाफ अररिया नगर थाना में 6 और महलगांव थाना में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबकि सचिन कुमार पासवान के खिलाफ अररिया नगर थाना में एक मामला दर्ज है। छापेमारी दल में नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक,रानीगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार, डीआईयू प्रभारी अजीत चौधरी, एसआई संजीव कुमार के साथ डीआईयू की टीम शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/चंदा