[ad_1]

सिरसा, 28 फरवरी (हि.स.)। रानियां रोड पर आयोजित शिव महापुराण कथा सुनने गई चार महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रानियां रोड निवासी लक्ष्मी रानी पत्नी नरेश कुमार मंगलवार को कथा सुनने गई थी। लक्ष्मी का कहना है कि कथा के दौरान भीड़ बहुत ज्यादा थी। भीड़ के बीच अज्ञात महिला ने उसके गले से सोने का मंगल सूत्र चुरा लिया। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। इसी प्रकार कथा सुनने आई हिसार के न्यू माडल टाउन निवासी सुरेश रानी पत्नी जिले सिंह के गले से सोने की चेन व लॉकेट चोरी हो गया। सुरेश रानी का कहना है कि सोने की चेन व लॉकेट डेढ़ तोले की थी। वहीं, सिरसा के शाह सतनाम सिंह चौक निवासी प्रेम बागड़ी के गले से भी दो तोले सोने की चेन भीड़ में चोरी हो गई।
इसके अलावा शिव महापुराण कथा सुनने आई नोहरिया बाजार सिरसा निवासी दयावंती के गले से भी अज्ञात महिला ने सोने की चेन चुरा ली। पीड़ित महिला के पति श्याम सुंदर का कहना है कि सोने की चेन एक तोले से अधिक वजनी थी। कथा के दौरान भीड़ इतनी ज्यादा थी कि चेन चुराने वाली महिला का कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने सभी शिकायतों के आधार पर बुधवार को मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार/रमेश