[ad_1]

सिरसा, 25 फरवरी (हि.स.)। फर्जी फर्म मामले के आरोपी को गिरफ्तार करने गई एसआईटी की टीम पर आरोपियों के घर वालों ने हमलाकर दिया। इसी बीच पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया,जबकि एसआईटी कर्मियों के साथ झगड़ा करने वाले दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
शहर थाना पुलिस ने एसआईटी के सब इंस्पेक्टर राम निवास की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, नंदन वाटिका निवासी वीरेंद्र गुप्ता के खिलाफ शहर थाना सिरसा में 27 जुलाई 2016 को फर्जी फर्म बनाकर सरकार को लाखों का चूना लगाने का केस दर्ज हुआ था। मामले की जांच कर रही एसआईटी की टीम शनिवार की रात आरोपी वीरेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची। यहां पर आरोपी वीरेंद्र गुप्ता, उसका भाई नरेंद्र गुप्ता व महिलाएं हाजिर मिली। एसआईटी ने आरोपी वीरेंद्र गुप्ता से केस के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी।
इसी दौरान वीरेंद्र गुप्ता व उसका भाई नरेंद्र गुप्ता,रमेश उर्फ गोल्डी गुस्से में आए गए और एसआईटी कर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगे। एसआईटी ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन ये नहीं माने और एसआईटी कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। परिजनों ने कहा कि वह वीरेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार नहीं करने देंगे और आरोपी वीरेंद्र गुप्ता को भगाने लगे। जिस पर एसआईटी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राम निवास ने कर्मियों के साथ मिलकर वीरेंद्र गुप्ता को काबू कर लिया, जबकि नरेंद्र गुप्ता व रमेश मौका देखकर फरार हो गए। शहर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस कर्मियों के साथ झगड़ा करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/रमेश