[ad_1]

बेतिया , 18 जनवरी (हि.स)। ज़िले में नदियों के आसपास से मिट्टी का अवैध खनन रुकने का नाम नही ले रहा है।खनन माफिया प्रतिदिन मिट्टी व बालू का उत्खनन बदस्तूर जारी रखे हुए हैं। धुमनगर मटियरिया गांव के समीप स्थित हरबोड़ा नदी के समीप से मिट्टी खनन करते चार ट्रैक्टर टेलरों को शिकारपुर पुलिस ने जब्त किया है।हालांकि इस कार्रवाई में ट्रैक्टर चालक पकड़ में नही आ सके। जब्त ट्रैक्टर टेलरों पर नंबर अंकित नहीं है।
थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि गुप्त सूचना पर मिट्टी लदे चारो ट्रैक्टर टेलरों को जब्त किया गया है।जब्त ट्रैक्टर टेलर की सूचना खनन पदाधिकारी को भेजी जा रही है।खनन पदाधिकारी के आने के बाद अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर टेलरों पर नंबर अंकित नही है।ऐसे में परिवहन विभाग को भी इसकी जानकारी भेजी जा रही है।ताकि पता चल सके कि ट्रैक्टर चोरी की है अथवा नही।उन्होंने बताया कि मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
नही रुक रहा है पंडई , हरबोड़ा व बलोर नदी से अवैध उत्खनन का खेल
ब्लॉक के हरबोड़ा,पंडई व बलोर नदी से निर्वाध रूप से खनन का खेल बदस्तूर जारी है।नदियों से बालू उत्खनन व नदी के समीप से ही मिट्टी उत्खनन किया जा रहा है।ऐसे में नदियों पर भी खतरा मंडराने लगा है।इस खेल में बड़े बड़े खनन माफिया लगे हुए है।वे बेखौफ उत्खनन को अंजाम दे रहे हैं।पुलिस के नाक के नीचे यह खेल प्रतिदिन खेला जा रहा है।प्रतिदिन सैकड़ो टेलर बालू व मिट्टी का उत्खनन किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक़ /चंदा