[ad_1]

उधमपुर, 9 फरवरी (हि.स.)। उधमपुर पुलिस ने लाल चौक गोल मार्केट उधमपुर में स्थित वसंदी लॉज में जुआ खेल रहे पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी अनुसार पुलिस को कुछ असामाजिक गतिविधि के संबंध में एक विश्वसनीय इनपुट के आधार पर उधमपुर पुलिस स्टेशन की पुलिस पार्टी थाना प्रभारी रघुबीर सिंह के नेतृत्व में और पीएसआई अखिलेश खजूरिया की सहायता से घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की गहन तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस पार्टी ने लाल चौक गोल मार्केट उधमपुर में वसंदी लॉज में कुछ संदिग्धों को ताश और जुआ खेलते देखा। पुलिस दल ने तुरंत उन सभी पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया जिनकी पहचान चुन्नी लाल पुत्र स्व. देस राज निवासी जिब उधमपुर, राहुल सिंह पुत्र रोमल सिंह निवासी दंदाल, रामनगर, विक्रम सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी खोतापुर पानीपत हरियाणा, राजेश थापा पुत्र कालू राम निवासी वीपीओ भरोली कलां पठानकोट, अमित कुमार पुत्र स्व. इशर दास निवासी गांव गरनेई उधमपुर के रूप की गई है।
पुलिस टीम ने मौके से 35000 रुपए की सट्टेबाजी राशि के साथ ताश के पत्ते जब्त किए और लाॅज के प्रबंधक ओम प्रकाश पुत्र नसीब राज निवासी लोअर मीर उधमपुर को भी गिरफ्तार कर लिया है जिसने उन्हें अपने लॉज को जुआ घर के रूप में उपयोग करने की अनुमति दी थी।
इस संबंध में आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस स्टेशन उधमपुर में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/बलवान