[ad_1]

अमेठी,15 फरवरी (हि.स.)। मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के पूरे शिवदयाल मजरे दादरा से बेटी को विदा कराकर वापस लौट रहे घरातियों को गुरुवार को बाइक सवार कुछ युवकों ने रास्ते में रोककर जमकर पीटा। घटना के बाद पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को आपबीती सुनाई। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार पूरे छत्ता मजरे कनकसिंहपुर थाना मुंशीगंज निवासी यदुनाथ यादव की बेटी पूजा का विवाह अभिषेक पुत्र हरीप्रसाद यादव निवासी पूरे शिवदयाल मजरे दादरा कोतवाली मुसाफिरखाना के साथ तय हुआ था। 12 फ़रवरी को हरी प्रसाद बारात लेकर यदुनाथ के यहां पहुंचे। द्वार पूजा के दौरान डांस को लेकर कुछ लड़कों द्वारा हुड़दंग किया गया था, जिसका विरोध लड़की पक्ष ने किया था। 15 फ़रवरी गुरुवार को यदुनाथ अपने घर वालों के साथ हरी प्रसाद के यहां रस्म के मुताबिक बेटी को विदा कराकर वापस लौट ही रहे थे कि रास्ते में रामफल पाण्डेय का पुरवा के पास कुछ बाइक सवार युवकों ने इनकी बोलरों गाड़ी को रोककर लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने इनकी बोलेरो गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। घटना में चार लोग घायल हुए।
घटना की सूचना पीड़ितों ने पुलिस को दी। इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/लोकेश/राजेश